रायपुर, 1 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 का लिखित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने कुल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (Interview) के लिए चिन्हांकित किया है। साक्षात्कार 21 सितंबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावना है।
यह परिणाम CGPSC की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है।
परीक्षा की पृष्ठभूमि
CGPSC ने विज्ञापन क्रमांक 06/2025/परीक्षा (दिनांक 26/11/2025, प्रकाशन तिथि 03/12/2025) तथा इसके शुद्धि पत्रों के माध्यम से राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के अधीनस्थ विभिन्न 20 सेवाओं हेतु कुल 265 पद विज्ञापित किए थे।
राज्य सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 के परिणाम के आधार पर CGPSC ने कुल 3,921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा हेतु प्राधिक आधार पर चिन्हांकित किया था। मुख्य परीक्षा (लिखित-विवरणात्मक) का आयोजन 6, 7, 8 एवं 9 जून 2026 को किया गया था।
यह भी पढ़ें: Lionel Messi Argentina retirement 2026: World Cup 2022 विजेता ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास
साक्षात्कार प्रक्रिया और दस्तावेज़ सत्यापन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार हेतु चिन्हांकित सभी अभ्यर्थियों को अपना ऑनलाइन आवेदन (DAF) आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से भरना होगा। इसके लिए तिथि पृथक से जारी की जाएगी।
एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि अभ्यर्थियों को अपने साक्षात्कार दिनांक से एक दिवस पूर्व मूल दस्तावेज़ सत्यापन हेतु CGPSC, नवा रायपुर में उपस्थित होना होगा। जो अभ्यर्थी दस्तावेज़ सत्यापन नहीं करवाएंगे, उन्हें साक्षात्कार में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महत्वपूर्ण निर्देश
- साक्षात्कार हेतु चिन्हांकन अनंतिम (provisional) है। विज्ञापन की शर्तों के अनुरूप किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी स्तर पर चिन्हांकन/चयन प्रक्रिया से पृथक किया जा सकता है।
- मूल दस्तावेज़ जांच के उपरांत ही अभ्यर्थी को साक्षात्कार हेतु अर्ह/अनर्ह घोषित किया जाएगा।
- यह लिखित परीक्षा परिणाम माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली के एस.एल.पी. (सी.) क्रमांक 19668/2022 के अंतिम आदेश के अध्याधीन होंगे।
- अंकण/टंकण/मुद्रण संबंधी त्रुटि होने पर आयोग के मूल डेटा के आधार पर तैयार सूची ही मान्य होगी।
- किसी वर्ग विशेष में चिन्हांकित अनिम अभ्यर्थी के समकक्ष अभ्यर्थी भी साक्षात्कार हेतु चिन्हांकित किए जा सकते हैं।
चिन्हांकित अभ्यर्थियों की संख्या
मुख्य परीक्षा के परिणाम में वर्गवार/उपवर्गवार न्यूनतम अर्हांकों के आधार पर कुल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु चिन्हांकित किया गया है। इनमें अनुक्रमांक 2506100709 (INDRAVATI) से लेकर अनुक्रमांक 2506207956 (LAKHAN LAL KHUNTE) तक के अभ्यर्थी शामिल हैं।
3 thoughts on “CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का परिणाम जारी: 608 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित”