Census of India 2027: छत्तीसगढ़ में 16 अप्रैल से ऑनलाइन और 1 मई से घर-घर जाकर होगी पहली डिजिटल जनगणना

Census of India 2027

By: Ishan Verma (Founder & Editor, TheExamHub.in)
रायपुर | 12 अप्रैल

भारत सरकार ने Census of India 2027 (भारत की जनगणना 2027) की तैयारियां तेज कर दी हैं। यह भारत के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होने जा रही है क्योंकि यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। केंद्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य में जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा।

पहला चरण ‘मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का होगा, जो 1 मई 2026 से शुरू होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं (UPSC, State PSC) की तैयारी कर रहे छात्रों और आम नागरिकों के लिए इस राष्ट्रीय सांख्यिकीय प्रक्रिया को समझना बेहद जरूरी है।


2027 की जनगणना के दो प्रमुख चरण और ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration)

इस बार की जनगणना (Census of India 2027) में देशवासियों को ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) का नया विकल्प दिया गया है। इसके तहत लोग प्रगणक (Enumerator) के घर आने से पहले ही ऑनलाइन पोर्टल (se.census.gov.in) पर अपनी जानकारी खुद भर सकते हैं।

  • स्व-गणना की तिथि: 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक। (जानकारी भरने के बाद एक SE ID मिलेगी)।
  • प्रथम चरण (मकानसूचीकरण): 01 मई से 30 मई 2026 तक। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। अगर आपने स्व-गणना की है, तो सिर्फ अपना SE ID बताना होगा।
  • द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना): यह कार्य फरवरी 2027 में शुरू होगा और मार्च 2027 तक पूरी जनसंख्या की गणना कर ली जाएगी।

मोबाइल एप से पूछे जाएंगे 33 प्रश्न, जानकारी रहेगी पूरी तरह गुप्त

प्रथम चरण में प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप (Mobile App) के माध्यम से भारत सरकार द्वारा तय किए गए 33 प्रश्न पूछेंगे। ये प्रश्न मकान की स्थिति, परिवार को उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से जुड़े होंगे।

कानूनी सुरक्षा: यह जनगणना ‘जनगणना अधिनियम, 1948’ और ‘जनगणना नियमावली, 1990’ के तहत की जा रही है। इसका मतलब है कि आपसे ली गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय (Confidential) रहेगी। इस डेटा का इस्तेमाल पुलिस जांच, टैक्स वसूली या कोर्ट के साक्ष्य के रूप में बिल्कुल नहीं किया जा सकता।


स्व-गणना (Self-Enumeration) कैसे करें? (Step-by-Step Tutorial)

अगर आप प्रगणक के घर आने का इंतजार नहीं करना चाहते, तो आप 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच स्वयं भी अपनी जानकारी भर सकते हैं। इसे ‘स्व-गणना’ कहा जाता है।
भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर आप यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

🎥 वीडियो ट्यूटोरियल: ऑनलाइन जनगणना फॉर्म कैसे भरें?
नीचे दिए गए वीडियो में स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया स्टेप-बाय-स्टेप समझाई गई है:
https://www.youtube.com/watch?v=XxqR7XkUME8&list=PLX3J_t553_VPrLP4z0Uk57c_Skujmx1O4&index=3


जनगणना 2027: प्रगणक (Enumerator) पूछेंगे ये 33 महत्वपूर्ण प्रश्न

चाहे आप ऑनलाइन पोर्टल (स्व-गणना) का उपयोग करें या प्रगणक आपके घर आएं, भारत सरकार के राजपत्र (Gazette) के अनुसार मकानसूचीकरण चरण में कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे।

भारत सरकार के गजट (राजपत्र) में जारी किए गए सभी 33 प्रश्नों की पूरी सूची (Hindi/English) देखने और डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए ‘Download’ बटन पर क्लिक करें:


छत्तीसगढ़ में 62,500 अधिकारी-कर्मचारी संभालेंगे मोर्चा

छत्तीसगढ़ में इस महाभियान को सफल बनाने के लिए राज्य के 33 जिलों, 252 तहसीलों और 19,978 गांवों में बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। लगभग 49,000 मकानसूचीकरण ब्लॉक बनाए गए हैं। इस कार्य के लिए राज्य में 51,300 प्रगणक (Enumerators) और 9,000 पर्यवेक्षकों सहित कुल 62,500 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।


📚 The Exam Hub – जनगणना विशेष (Current Affairs Fact-Check)

आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भारत की जनगणना का ऐतिहासिक और वर्तमान डेटा:

  • भारत में पहली जनगणना: वर्ष 1872 में (लॉर्ड मेयो के कार्यकाल में)।
  • पहली नियमित (एक साथ) जनगणना: वर्ष 1881 में।
  • 2027 का क्रम: यह देश की कुल 16वीं और आजादी के बाद की 8वीं जनगणना है।
  • तकनीक का उपयोग: यह भारत की पहली पेपरलेस (Digital) जनगणना है।
  • टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1855 (छत्तीसगढ़ में 16 अप्रैल 2026 से चालू होगा)।

(देश, प्रदेश की शिक्षा, रोजगार और सबसे सटीक करेंट अफेयर्स के लिए नियमित रूप से जुड़े रहें Ishan Verma की वेबसाइट theexamhub.in के साथ।)


2 thoughts on “Census of India 2027: छत्तीसगढ़ में 16 अप्रैल से ऑनलाइन और 1 मई से घर-घर जाकर होगी पहली डिजिटल जनगणना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *